कन्नड़ सुपरस्टार यश की बहुप्रतीक्षित एक्शन-थ्रिलर फिल्म टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन अप्स को ब्रिटिश बोर्ड ऑफ फिल्म क्लासिफिकेशन (BBFC) द्वारा वयस्कों के लिए ’18’ रेटिंग का सर्टिफिकेट दिया गया है। फिल्म के प्रमाणन विवरण को अपडेट करते हुए ब्रिटिश सेंसर बोर्ड ने इसे अत्यधिक हिंसक और यौन दृश्यों से भरपूर बताया है।
ब्रिटिश बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, इस कन्नड़ और तमिल भाषा की एक्शन फिल्म में गोवा के एक शक्तिशाली ड्रग कार्टेल के मुखिया की कहानी दर्शाई गई है, जो अपनी ही तबाही के बीज बोता है। सेंसर बोर्ड ने अपनी समीक्षा में फिल्म के अलग-अलग पहलुओं को अंक दिए हैं, जिससे साफ होता है कि यह फिल्म बच्चों या कमजोर दिल वाले दर्शकों के लिए बिल्कुल नहीं है।
ब्रिटिश सेंसर बोर्ड की रेटिंग का लेखा-जोखा:
- हिंसा (Violence): 5/5
- चोट का विवरण (Injury Detail): 5/5
- यौन सामग्री (Sex): 5/5
- खतरा और हॉरर (Threat and Horror): 4/5
- भाषा (Language): 4/5
- ड्रग्स (Drugs): 4/5
- यौन हिंसा (Sexual Violence): 4/5
- आत्महत्या और आत्म-नुकसान (Suicide and Self-harm): 4/5
क्या ‘धुरंधर’ से भी ज्यादा खौफनाक होगी ‘टॉक्सिक’?
हाल ही में ब्रिटेन में रिलीज हुई एक और हिंसक भारतीय फिल्म धुरंधर: द रिवेंज को भी हिंसा के मामले में 5 में से 5 अंक मिले थे। हालांकि, धुरंधर को सेक्स सामग्री के लिए 3/5 और चोट के विवरण (इंजरी डिटेल) के लिए 4/5 अंक दिए गए थे। इसके मुकाबले टॉक्सिक को इंजरी डिटेल और सेक्स के लिए पूरे 5/5 अंक मिले हैं। इन आंकड़ों से यह संकेत मिलता है कि टॉक्सिक में धुरंधर से भी अधिक भयावह, खौफनाक और नग्न हिंसा के दृश्य देखने को मिल सकते हैं।
भारत में ‘A’ सर्टिफिकेट और सेंसर बोर्ड का फैसला यूके में मिली रेटिंग से करीब एक हफ्ते पहले, भारत में सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) की बेंगलुरु क्षेत्रीय शाखा ने भी फिल्म को ‘A’ (Adult) सर्टिफिकेट दिया था। भारत में फिल्म का रनटाइम 3 घंटे 14 मिनट तय किया गया है। हालांकि, भारतीय सेंसर बोर्ड द्वारा फिल्म में लगाए गए किसी कट या बदलाव की विस्तृत जानकारी अभी उजागर नहीं की गई है।
फिल्म की रिलीज डेट में बदलाव और वजह
गीतू मोहनदास के निर्देशन में बनी यह गैंगस्टर ड्रामा फिल्म शुरुआत में 19 मार्च को रणवीर सिंह की धुरंधर: द रिवेंज के साथ टकराने वाली थी। हालांकि, निर्माताओं ने खाड़ी क्षेत्र (गल्फ) में जारी युद्ध की स्थिति को देखते हुए और फिल्म को दुनिया के हर कोने तक पहुंचाने के उद्देश्य से इसकी रिलीज को टाल दिया था।
शुरुआत में रिलीज डेट को बढ़ाकर 4 जून किया गया, लेकिन बाद में इसे एक बार फिर स्थगित कर दिया गया। अब निर्माताओं ने 26 अगस्त को फिल्म की अंतिम और तीसरी रिलीज डेट घोषित की है।
वैश्विक स्तर पर प्रमोशन और स्टार कास्ट
फिल्म के निर्माता इसका दुनिया भर में जोरों-शोरों से प्रचार कर रहे हैं। हाल ही में बेंगलुरु में एक भव्य ट्रेलर लॉन्च कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें देश भर के मीडिया प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अभिनेता यश के साथ कियारा आडवाणी, नयनतारा और तारा सुतारिया जैसे कई बड़े कलाकार उपस्थित थे।
फिल्म में बोल्ड और अंतरंग दृश्यों को लेकर हुई आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए यश ने निर्देशक गीतू मोहनदास के दृष्टिकोण का बचाव किया है और साथ ही बच्चों को इस फिल्म से दूर रहने की हिदायत दी है।




